मथुरा। गोवर्धन के दानघाटी मंदिर के बाद अब यहां के प्राचीन मंदिर मुकुट मुखारबिंद और हरगोकुल में ठाकुर जी के खजाने को ठिकाने लगाने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंच गई है। इसमें रिसीवर पर कोर्ट के आदेश की अवहेलना के साथ गंभीर आरोप हैं।
गोवर्धन का दानघाटी मंदिर इस वक्त सुर्खियों में है। मंदिर के प्रबंधक डालचंद के खिलाफ 7.44 करोड़ से अधिक के गबन की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। इसी बीच अब गोवर्धन में मानसी गंगा के निकट प्राचीन मंदिर मुकुट मुखारबिंद और हरगोकुल के मंदिर के मामले की शिकायत डीएम और एसडीएम तक पहुंची है।
इसमें शिकायतकर्ता प्रभूदयाल शर्मा, राधारमण शर्मा, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, काशीराम, अशोक पाठक, चंद्रशेखर पाठक सहित आदि ने रिसीवर रमाकांत गोस्वामी पर गंभीर आरोप लगाए है। आरोप हैं कि इन मंदिर में न्यायालय के सिविल जज ने 2010 में रिसीवर की तैनाती थी। इसमें कोर्ट ने हर दो माह बाद मंदिर का हिसाब प्रस्तुत करने का भी आदेश दिया था। लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। मंदिर के लिए संपत्ति की खरीद और अन्य खर्च में भी बड़े स्तर पर अनियमितताएं हैं। श्राइन बोर्ड के गठन संबंधी एनजीटी के आदेश के बाद यह स्थिति और बढ़ गई है। शिकायतकर्ताओं ने इस मामले में एसडीएम से जांच की मांग की है।