सड़क चौड़ीकरण में पीडब्ल्यूडी पर मनमानी का आरोप
- आबादी क्षेत्र में मनमाने ढंग से सीमांकन करने पर लोगों में आक्रोश
अमर उजाला ब्यूरो
कासगंज। सहावर गेट नई हवेली इलाके में सड़क चौड़ीकरण का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर मनमाने ढंग से सीमांकन करने का आरोप लगाया है। चेतावनी दी कि मनमाने ढंग से किसी भी हाल में सीमांकन नहीं होने देंगे।
अमांपुर रोड से अमरपुर घाट के बाईपास के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। यह बाईपास नई हवेली की घनी आबादी के बीच से गुजरेगा। यहां लोकनिर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण के लिए निशानदेही कर दी है लेकिन इससे लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग मनमानी कर रहा है और मानक विपरीत निशानदेही की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मामला सुनवाई के लिए न्यायालय में विचाराधीन है। उसके बावजूद भी लोकनिर्माण विभाग चौड़ीकरण के लिए चिह्नीकरण में जुटा है। ग्रामीणों ने कहा यदि इस तरह मनमाने ढंग से निशानदेही का काम किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीण कमल सिंह ने कहा कि नई हवेली के अधिकांश लोग सड़क चौड़ीकरण के पक्षधर नहीं हैं। मनमानी के विरोध में लोग विरोध कर रहे हैं। विरोध करने वालों में नाथूराम, अनार सिंह, विजय कुमार, आनंद कुमार, योगेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, दया शंकर, प्रेम प्रकाश, अमर सिंह आदि हैं।
- सड़क चौड़ीकरण का काम मानक अनुरूप किया जा रहा है। लोकनिर्माण विभाग अपनी सीमा तक निशानदेही का काम कर रहा है।
- सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।