बलरई-भदान स्टेशनों के मध्य सिग्नल फेल, यातायात प्रभावित
पौन घंटे बाधित रहा रेलमार्ग, मैसेज भेजकर चलायी गयीं ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला। कानपुर रेलखंड पर बलरई व भदान रेलवे स्टेशनों के बीच सिग्नल फेल हो गए। इसके चलते रेल यातायात प्रभावित रहा। ट्रेनों को मैसेज भेजकर चलाया गया। इस दौरान कालका मेल सहित आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
कानपुर रेलखंड पर गुरुवार सायं 4.45 बजे करीब ट्रेनों का निर्वाध आवागन जारी था। तभी अचानक बलरई और भदान रेलवे स्टेशनों के अप व डाउन लाइन के सिग्नल तकनीकी खराबी के चलते फेल हो गए। ट्रेन चालकों को कोई संकेतक नहीं मिलने से ट्रेन जहां-तहां खड़ी हो गयी। रेल चालकों ने तत्काल स्टेशन मास्टरों के माध्यम से जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को दी।
नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर सिग्नल डिपार्टमेंट की टीम को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद सिग्नल में आई खराबी को ठीक किया गया। तब कहीं जाकर रेल यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान कालका मेल सहित आधा दर्जन मालगाड़ी प्रभावित रहीं।