टूंडला। प्रदेश के तीर्थयात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब रेल प्रशासन ने आईआरसीटीसी के माध्यम से प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शनों के लिए पैकेज जारी किया है। इस पैकेज में रेलयात्रियों को तीर्थ स्थलों के दर्शन के साथ ही नाश्ता, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी की है। पैकेज 10,395 रुपये में है जो 11 दिन का है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी पर ऑनलाइन की जा सकती है।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्वनी श्रीवास्तव ने बताया है कि आईआरसीटीसी ने रेलयात्रियों को भारत दर्शन के अंतर्गत उज्जैन में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, तिरुपति में बालाजी मंदिर एवं मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन, गणपति फूले बीच एवं मंदिर (रत्नागिरी) का भ्रमण कराने के अलावा गुजराम में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (वडोदरा) का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके लिए रेलयात्रियों को मात्र 10,395 रुपये में 10 रात और 11 दिन का सफर कराते हुए उक्त स्थानों पर ले जाकर दर्शन कराए जाएंगे। इस दर्शन यात्रा में रेलयात्रियों को भोजन, स्थानीय यात्रा बसों द्वारा तथा धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था भी आईआरसीटीसी द्वारा की जाएगी।
इस भारत दर्शन ट्रेन का संचालन आगामी 8 मई से 18 मई तक लखनऊ से किया जाएगा। इस ट्रेन में बैठने की सुविधा लखनऊ, कानपुर, इटावा, आगरा कैंट, ग्वालियर एवं झांसी से होगी। रेलयात्री अधिक जानकारी के लिए लखनऊ स्थित पर्यटन भवन, गोमती नगर स्थित आईआरसीटीसी के कार्यालय या फिर आईआरसीटीसी की वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।