मैनपुरी। डीपीआरओ स्वामीदीन ने जिले के विकास खंड कुरावली और सुल्तानगंज में पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुविधाएं कराने के लिए निर्देश दिए। कहा कि अगर कहीं भी मूलभूत व्यवस्थाओं में कमी मिली तो पंचायत सचिव जिम्मेदार होंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर व्यवस्था कराना प्राथमिकता है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत और पंचायत सचिवों को कड़े निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं हेतु रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था समय से पूर्ण की जाए। अगर निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी मिलती है तो पंचायत सचिव व सफाईकर्मी जिम्मेदार होंगे।
इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र नगला जीसुख और जमथरी का निरीक्षण किया। जमथरी मतदान केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण मिलीं। वहीं नगला जीसुख मतदान केंद्र पर मिली कमियों को तत्काल दूर करने के पंचायत सचिव मनोज को निर्देश दिए गए। बैठक में खंड विकास अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी, उज्ज्वल कुमार, एडीओ पंचायत राजेश दुबे, अशोक यादव आदि मौजूद रहे।