चार केंद्रों पर होगा यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
सचिव के निर्देश के बाद डीआईओएस ने तैयारियां की शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के बाद जिले में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेजी के साथ शुरू कर दी गई हैं। जिले में मूल्यांकन के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश के बाद इन केंद्रों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आठ मार्च से यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। इसके लिए जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें जैन इंटर कॉलेज करहल, देवनागरी इंटर कॉलेज कुरावली, राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी व नरसिंह यादव इंटर कॉलेज करहल को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मूल्यांकन के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस ने कहा कि परिषद के निर्देशानुसार समय से मूल्यांकन का कार्य पूरा कराया जाएगा। इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कॉलेजों से परीक्षकों को कार्यमुक्त कर सात मार्च को ही मूल्यांकन केंद्र पर भेजना सुनिचित करें।
परीक्षक ड्यूटी प्रपत्र प्राप्त करें
डीआईओएस सर्वेश कुमार ने बताया कि चारों मूल्यांकन केंद्र के लिए परीक्षकों के ड्यूटी पत्र उनके कार्यालय को प्राप्त हो गए हैं। सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्य वाहक को भेजकर ड्यूटी प्रपत्र प्राप्त कर लें।
इन केंद्रों पर होगा मूल्यांकन
राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी-12वीं
नरसिंह इंटर कॉलेज करहल- 12वीं
देव नागरी इंटर कॉलेज कुरावली- 10वीं
जैन इंटर कॉलेज करहल- 10वीं
वर्जन
जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। चारों केंद्रों के नियंत्रकों को नियुक्त कर दिया गया है। सभी तैयारियां आठ मार्च से पूर्व ही करने के निर्देश नियंत्रकों को दिए गए हैं।
सर्वेश कुमार, डीआईओएस