बादलों ने बढ़ाई किसानों की चिंता
बारिश होने पर सरसों और आलू की फसलों को होगा नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। बेमौसम बारिश किसानों के लिए आफत बनती जा रही है। छाए बादल किसानों की चिंता बढ़ा रहे हैं। एक बार फिर मौसम बिगड़ने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई देने लगी हैं। अगर बारिश होती है तो सरसों व आलू में नुकसान होगा।
शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। शाम होते-होते बूंदाबांदी भी शुरू हो गई। इससे मौसम में एक बार फिर सर्दी बढ़ गई है। शनिवार को शाम को लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। सर्दी से लोगों ने अपना बचाव कर लिया, लेकिन किसानों के लिए बारिश मुश्किल बनती जा रही है। खेतों में सरसों की फसल जहां कटी पड़ी है तो वहीं आलू भी तैयार है। ऐसे में बारिश दोनों ही फसलों को नुकसान पहुंचाएगा। तेज बारिश से खेतों में ही सरसों व आलू सड़ जाएगा। इससे किसानों को भारी नुकसान होगा। इसी के कारण किसान मौसम साफ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पहले भी बारिश से फसलों में नुकसान हो चुका है।
---
गेहूं की फसल में भी हो सकता है नुकसान
मौसम बदलने के साथ ही हवाएं भी तेज हो गई हैं। ऐसे में अगर बारिश होती है तो गेहूं की फसल में भी नुकसान होगा। क्योंकि बारिश के दौरान हवा चलने से गेहूं की फसल जमीन पर गिर जाएगी। इससे लगभग 50 फीसदी तक उत्पादन प्रभावित होगा। अब किसानों को बस मौसम साफ होने का इंतजार है।
------
ये बरतें सावधानी
-हवा चलने पर गेहूं की सिंचाई न करें
-मिट्टी गीली होने पर आलू की खोदाई न करें
-भीगे हुए सरसों के बोझों को खोलकर सुखाएं
-आलू व सरसों का एक जगह ढेर न लगाएं
------
वर्जन
मौसम खराब होने से किसान परेशान हैं। अगर बारिश होती है तो फसलों में नुकसान उठाना पड़ेगा। किसान कुछ सावधानियां रखें, इससे उन्हें राहत मिलेगी।
डॉ. गगनदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी, मैनपुरी।