टूंडला (फिरोजाबाद)। शनिवार को डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से सांड़ के टकराने से उछलीं ट्रैक गिट्टयों से देश में निर्मित हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस के सात कोचों के 15 खिड़कियों के कांच चटक गए। इससे रेलयात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना शनिवार शाम 7.46 बजे करीब की है। वाराणसी से चलकर नई दिल्ली जा रही 22435 वंदे भारत एक्सप्रेस अछल्दा रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची, तभी नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही 12424 राजधानी एक्सप्रेस से सांड़ टकरा गया।
इसके चलते उछली गिट्टयां वंदे भारत एक्सप्रेस के ड्राइवर की विंड स्क्रिन सहित सात कोचों की खिड़कियों के शीशे चटक गए। रेल चालक ने तत्काल घटना की जानकारी टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी और ट्रेन को रोक दिया।
इसी दौरान राजधानी एक्सप्रेस के चालक के मैसेज पर नियंत्रण कक्ष ने पीछे आ और जा रहीं ट्रेनों को रोकते हुए ट्रेनों को चेक करने के निर्देश दिए। इस बीच एक के बाद एक शीशों पर पत्थर लगने और खिड़कियों के शीशे चटकने पर रेलयात्री दहशत में आ गए।
ट्रेन के रुकते ही ट्रेन में चल रहे मेंटीनेंस स्टाफ ने तहकीकात करते हुए यात्रियों को घटना से अवगत कराया, तब यात्रियों की जान में जान आई। सबकुछ सामान्य होने पर ही ट्रेन को आगे चलाया गया। इस दौरान यह ट्रेन करीब छह मिनट खड़ी रही।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर गिट्टियां लगने से चालक की विंड स्क्रीन, सी-4 के 53, 54, सी-6 के 74, 75, सी-8 के 08, 09 सी-12 के 77, 78, सी-13 के 40, 41, 42 व सी-14 के 20, 21, 22 खिड़कियों के शीशे चटक गए। हालांकि रेल प्रशासन का कहना है कि ट्रेन के शीशे न्यू टेक्नोलोजी से बनाए गए हैं। एक खिड़की में शीशे के चार पीस है, जिनमें रबर लगी हैं, शीशे चटक पूरे जाएंगे, किंतु टूटेंगे नहीं।
विगत 20 फरवरी को हिरनगांव स्टेशन के निकट इस ट्रेन पर असमाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया था। इससे कुछ कोचों के कांच टूट गये थे। इसको लेकर रेल प्रशासन रेलट्रैक के नजदीकी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सचेत कर रहा है।