टूंडला (फिरोजाबाद)। देश में निर्मित पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर बुधवार सुबह असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे तीव्र गति से जा रही ट्रेन की खिड़की का कांच टूट गया। ट्रेन पर पथराव की घटना से यात्री दहशत में आ गए।
नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली सेमी हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार सुबह 8.05 बजे टूंडला स्टेेशन से गुजरी थी। ट्रेन 130 की गति से जा रही थी तभी कुछ युवकों ने ट्रेन के ऊपर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। ट्रेन पर पथराव होते देख वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठे यात्री सहम गए। इस बीच ट्रेन के एक कोच के शीशे में बड़ा पत्थर लगने से शीशा टूट गया।
यात्रियों ने ट्रेन में चल रहे टीटीई व अन्य स्टाफ को जानकारी देते हुए रेल मंत्रालय को ट्विट कर दिया। घटना से तत्काल रेल अधिकारियों व टूंडला नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया। ट्रेन पर पथराव होने की सूचना पर रेल अधिकारियों ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को भेजा, किंतु तब तक युवक मौके से भाग गये।
ट्रेन पर किसी शरारती तत्व ने पत्थर का टुकड़ा मार दिया था, जिससे एक शीशा टूट गया था। यह कोई बड़ा मामला नहीं, इस तरह की घटनाएं अक्सर हुआ करती हैं। ट्रेन पर किसी वजह से पथराव जैसी कोई घटना नहीं है।
सुनील गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, इलाहाबाद