सरकार नहीं तो बेटे लेंगे पिता की शहादत का बदला
शहीद रामवकील की पत्नी ने कहा, पति की शहादत पर गर्व, सेना में भेजूंगीं बेटों को
अमर उजाला ब्यूरो
मैनपुरी। वीर सपूत रामवकील की शहादत से गांव और परिवार जहां शोक में डूबा हैं, वहीं सभी को बेटे की शहादत पर गर्व भी है। शहीद की पत्नी की आंखों से लगातार आंसू बह रहे हैं। वह सरकार से बदले की मांग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पति की शहादत का अगर सरकार बदल नहीं लेती है तो वह सेना में अपने तीनों बेटों को भेजेंगीं। बेटे आतंकियों को मारकर बदला लेंगे।
शहीद रामवकील का पार्थिव शरीर जैसे ही गांव लाया गया, पत्नी गीता देवी विलख पड़ीं। पार्थिव शरीर लेकर आए सीआरपीएफ के जवानों से पत्नी ने रोते रोते बदले की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ नहीं चाहिए, उन्हें तो सिर्फ बदला चाहिए। प्रधानमंत्री पुलवामा में शहीद हुए जवानों का बदला लें। उन्होंने कहा कि पति की शहादत पर उन्हें गर्व है। सरकार अगर बदला नहीं लेगी तो वह बड़े होने पर बेटे राहुल 12, शाहिल 10, गोलू चार वर्ष को सेना में भेजेंगीं। बेटे आतंकियों को मारकर पति की शहादत का बदला लेंगे।
----
प्रधानमंत्री जी शहादत का बदला लीजिए
शहीद रामवकील के बेटे भले ही उम्र में छोटे हैं, लेकिन पाकिस्तान और आतंकवादियों के खिलाफ गुस्सा इनके दिलों में भी है। बड़े बेटे अंकित उर्फ राहुल ने मीडिया के माध्यम से अपना संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक भेजा है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री जी मेरे परिजन दुखी हैं, आप आतंकियों को ढूंढकर मारें और मेरे पिता का बदला लें।