आरोग्य मेले में बुखार, सांस और खांसी के पहुंचे 1520 मरीज
- तीन हजार से अधिक मरीजों को दिया गया प्राथमिक उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें तीन हजार से अधिक मरीजों ने इलाज कराया। आरोग्य मेले में 1520 से अधिक मरीज बुखार, सांस और खांसी के रहे। कुछ बच्चे कोल्ड डायरिया से पीड़ित थे उन्हें उपचार देने के साथ दवा वितरित की गई है।
मौसम में बदलाव और वायु प्रदूषण के चलते इन दिनों सांस लेने में परेशानी, गले में खराश, आंखों में जलन आदि के मरीजों की समस्या बढ़ी है। साथ ही वायरल बुखार का प्रकोप अभी भी बना हुआ है। इन दिनों सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी रहती है। रविवार को आयोजित हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में वायरल बुखार के अलावा खांसी, सांस लेने में परेशानी, गले में खराश व आंखों में जलन आदि के मरीज अधिक संख्या में प्राथमिक उपचार कराने पहुंचे। साथ ही सिरदर्द, पेटदर्द, उल्टी-दस्त व चर्मरोग की समस्या के भी मरीजों ने प्राथमिक उपचार कराया। रविवार को लगे आरोग्य मेले में तीन हजार से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे।
जिले में बदलते मौसम में वायु प्रदूषण बढ़ने से जिले में आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी व सांस के मरीज बढ़े हैं। साथ ही वायरल बुखार के भी मरीज आ रहे हैं। सभी को परामर्श एवं जांच कराने के साथ जरूरी सावधानियां भी बताई गईं।
- डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ