ध्यानार्थ : गुड़गांव, कानपुर देहात (अमौली ठाकरान), गाजीपुर, इटावा (मृतक और घायल यहीं से हैं)
-------------------------------
हाईवे पर कैंटर पलटने से परिचालक की मौत, चार घायल
बाइकों से भरा कैंटर गुड़गांव से झारखंड के धनबाद जा रहा था
पुलिस ने मशक्कत के बाद कैंटर काटकर फंसे घायलों को बाहर निकाला
कैंटर चालक का सगा छोटा भाई था परिचालक, अनियंत्रित होकर पलट गया था कैंटर
अमर उजाला ब्यूरो
फरह (मथुरा)। नेशनल हाईवे के फरह बस अड्डे के समीप शनिवार की रात करीब ढाई बजे गुड़गांव से झारखंड के धनबाद जा रहा कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में परिचालक की कैंटर के नीचे दबकर मौत हो गई, जबकि कैंटर चालक समेत चार लोग घायल हो गए। पलटे कैंटर से गिरीं बाइकें हाईवे पर बिखर गई। इससे हाईवे की एक साइड तीन घंटे तक प्रभावित रही। पुलिस ने कैंटर को गैस कटर से काटकर शव और घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। इसके बाद मार्ग सुचारु करवाया गया। कैंटर बाइकें लेकर जा रह था।
कानपुर देहात के गांव अमौली ठाकरान निवासी राघवेंद्र (40) पुत्र राम जगदीश कैंटर चालक हैं। वे शनिवार की रात नौ बजे गुड़गांव से कैंटर में बाइकें भरकर झारखंड के धनबाद के लिए चले थे। कैंटर में चालक का छोटा भाई परिचालक ब्रजेश (24) पुत्र राम जगदीश और चालक का दोस्त गाजीपुर निवासी सतेंद्र पुत्र शोभाराम और उसका भाई राजेेंद्र पुत्र शोभाराम के अलावा इटावा की महिला भी सवार थी।
आधी रात के बाद करीब ढाई बजे कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। कैंटर में चालक समेत चारों लोग फंस गए। कैंटर पलटने से बाइकें गिर कर हाईवे पर बिखर गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कैंटर में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला लेकिन तब तक परिचालक ब्रजेश की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने घायल महिला समेत चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिएभिजवाया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कैंटर को सड़क से हटवाकर हाईवे को सुचारु करवाया। करीब तीन घंटे तक पलटे पड़े कैंटर वाले स्थान से पहले वाहनों का डायवर्जन किया गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कैंटर पलटने से हाईवे पर आवाजाही रोकनी पड़ी।