मथुरा। वैशाख अमावस्या के अवसर पर श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल द्वारा प्राचीन केशव देव मंदिर में ठाकुरजी ने फूलबंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान भजन संध्या का आयोजन किया गया। ठाकुर जी का विशेष शृंगार किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण गोपाल द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत कर की गई। इसके पश्चात महेश चंद द्वारा गाया भजन मेरे घर आना सांवरिया तुझे जाने ना दूंगी। मनमोहन सराफ द्वारा मैंने रंग ली आज चुनरिया कान्हा तेरे रंग में भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद श्याम घनश्याम रसिक ने क्यों आकर रो रहा है गोविंद की गली में हर दर्द की दवा है गोविंद की गली में..। सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देर शाम तक भजनों का दौर चलता रहा अनेक श्रद्धालुओं ने अपने अपने भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में ठाकुर जी की आरती की गई। सोहन लाल शर्मा, नारायण शर्मा, पीपी शर्मा, श्यामा चरण गोस्वामी, महेश चंद, बनवारी लाल शर्मा, मनमोहन सर्राफ, प्रेम सराफ, उमेश चंद्र, विजय बंसल, विजय गलाई वाले, पंकज शर्मा आदि उपस्थित थे।