मथुरा। आप चीखते रहो। जाम में फंसकर झुंझलाते रहो। लेकिन जिम्मेदारों पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। हाईवे से लेकर महानगर के रास्तों तक पर जाम लग रहा है मगर पुलिस ने जाम के इंतजाम को कोई प्लान ही नहीं बनाया है। हालात सुधरने की बजाए रोज बिगड़ते जा रहे हैं। चार पहिया वाहन शहर के बीच में बेरोकटोक पहुंचने लगे हैं।
अगर शहर की बात करें जो जाम की सबसे बड़ी समस्या टेंपो बन रहे हैं। कहीं भी देख लीजिए सड़क किनारे टेंपो की लाइन मिल जाएगी। जगह जगह इनके खड़े रहने से ट्रैफिक व्यवस्था लड़खड़ा जाती है। शुक्रवार को कृष्णा नगर, डीग गेट, भरतपुर गेट, होलीगेट, छत्ता बाजार, भैंस बहोरा, भूतेश्वर चौराहा, कोतवाली रोड, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, महोलीरोड से लेकर नेशनल हाइवे 2 पर कई लगह वाहनों की कतार देखी गई।
मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम का असर गलियों में भी नजर आया। जाम से बचने के लिए लोग गलियों से निकले तो उनमें भी जाम के हालात बने रहे। दोनों ओर से वाहनों के आवागमन के कारण मौके पर जाम लगा रहा। होलीगेट अंदर चौक बाजार तक जाम के झाम में लोग फंस रहे। जाम से बचने के लिए लोग अपने वाहनों को लेकर गलियों से गुजरे तो वहां भी जाम लग गया।
शुक्रवार के दिनभर सड़कों पर लगे जाम में फंसे लोग अधिकारियों को कोसते रहे। हर दिन हालात बिगड़ रहे हैं लेकिन अधिकारी फिर भी कोई प्लान तैयार नहीं कर रहे हैं। डीग गेट निवासी रोहित कुमार ने कहा कि रोज की बात हो गई है। चंदनवन के राजेंद्र सिंह ने कहा कि टेंपो का अगर स्टैंड बना दिया जाए तो काफी हद तक समस्या दूर हो सकती है। प्रभात बंसल ने कहा कि बाजार में तो जाने में भी डर लगने लगा है। हर जगह जाम रहता है।