बेवर(मैनपुरी)। रोडवेज बस में एक युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, परिचालक को थाने में बैठाए रखा गया। तीन घंटे तक बस की सवारियां परेशान रहीं। फतेहपुर डिपो की बस आगरा से प्रयागराज जा रही थी। चालक इंद्रेश और परिचालक अनिल कुमार बस पर मौजूद थे। तभी किसी ने बताया कि एक व्यक्ति नशे की हालत में सीट पर पड़ा हुआ है। परिचालक ने बेवर बस स्टैंड पहुंचकर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जहरखुरानी का शिकार हुए युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सूचना देने वाले परिचालक को भी थाने में ही बैठा लिया गया। परिचालक के अनुसार बस दोपहर करीब 12 बजे आई थी। बस रोके जाने से यात्री परेशान रहे। जब यात्रियों ने विरोध किया तो अफसरों ने दूसरी बस की व्यवस्था करके दोपहर करीब तीन बजे उन्हें आगे के लिए रवाना किया। वहीं परिचालक को शाम करीब छह बजे छोड़ा गया। थाना प्रभारी पहुप सिंह ने बताया कि जहरखुरानी के शिकार युवक की जेब से मिले मोबाइल के माध्यम से परिजनों को जानकारी दे दी गई हैै। परिजनों की शिकायत पर परिचालक को थाने लाया गया था।