दुकान का शटर उठाकर चोरों ने तिजोरी से उड़ाए आभूषण व नकदी
- फोटो : अमर उजाला
सहावर (कासगंज)। कस्बा के मैन चौराहा पर सोमवार की सुबह सराफा की दुकान में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरों ने नकदी, व लाखों के आभूषण एवं मोबाइल आदि उड़ा दिए।
सोमवार को धनतेरस पर स्वामी श्याम वार्ष्णेय ने रोजाना की तरह अपनी सराफा की दुकान खोली। दुकान की सफाई आदि कर उन्होंने शटर को नीचे कर दुकान को बंद कर दिया और बराबर में बने अपने मकान पर स्नान व पूजा आदि करने चले गए। जब वह वापस आए तो दुकान खुली थी। तिजोरी से नकदी, सोने चांदी के आभूषण गायब थे। डिब्बे दुकान में खुले पड़े थे। उन्होंने चोरी की घटना की जानकारी जब अन्य लोगों को हुई तो वह भी एकत्रित हो गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दुकानदार ने बताया कि सोने चांदी के आभूषण एवं 20000 रुपये की नकदी तथा एक मोबाइल चोर चोरी कर ले गए। समाचार लिखे जाने तक चोरी की प्राथमिक दर्ज नहीं हो सकी थी।
व्यापारियों ने चोरी की घटना पर जताया आक्रोश
सहावर। दिन में हुई चोरी की घटना पर व्यापारियों ने रोष जताया। व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि दिन में चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा किया जाए। वहीं उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है। रोष जताने वालों में व्यापारी पवन वार्ष्णेय, राजा वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष रामकुमार साहू, राशिद अंसारी, मुकेश वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष सचिन कुमार वार्ष्णेय, दिनेश कुमार, कुनाल, आशीष, लव साहू, बॉबी गोला आदि शामिल हैं।