एटा। रात को गश्त कर रही कोबरा-1 के सिपाहियों के साथ चार लोगों ने मारपीट कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने सिपाहियों से वायरलेस सेट भी छीन लिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने चार लोगों को पकड़ लिया। मामले की रिपोर्ट सिपाही ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।
कोतवाली नगर की कोबरा-1 पर तैनात सिपाही अनिल कुमार और महेंद्र सिंह रात को करीब एक बजे शहर के जीटी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कालेज की तरफ गश्त कर रहे थे। उसी समय कोबरा पुलिस ने कालेज के पास चार लोगों को खड़ा हुआ देखा। पुलिस ने उन लोगों से खड़े होने का कारण पूछा। आरोप है इसी बात को लेकर चारों लोग पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज करने लगे। जिसका सिपाहियों ने विरोध किया तो वह लोग पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं आरोपियों ने सिपाही के कब्जे से वायरलेस सेट भी छीन लिया। इस पर पुलिसकर्मी ने मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम पर मामले की जानकारी दी। जिस पर कोतवाली नगर से पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आलोक पुत्र किशनपाल निवासी खेरिया बनार जैथरा और ब्रजेंद्र सिंह पुत्र राज कुमार, विकास पुत्र रामवीर, रजत पुत्र विजय प्रताप निवासी आईटीआई गेट कल्यानपुर कानपुर को पकड़ लिया। जिनसे पुलिस ने वायरलेस सेट बरामद कर लिया। बाद में मामले की रिपोर्ट सिपाही अनिल ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।