फरिहा (फिरोजाबाद)। साईकिल पर खेल तमाशा दिखाने वाले एक युवक ने समाधि लेने का ड्रामा कर लोगों से ठगी की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मिट्टी के गड्ढे से बाहर निकालने के बाद भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत के साथ छोड़ दिया।
कस्बा फरिहा स्थित गांव चमनपुरा स्थित एक खाली जगह पर अरविंद उर्फ घंटोली निवासी जेरपुरा थाना मटसेना साईकिल पर करतब दिखा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के साथ उसका भाई मनोज परवाना भी था। अचानक मनोज ने अरविंद को बोरे में बंद कर मिट्टी में दबाने का करतब दिखाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक मनोज ने गांव वाले से दान-दक्षिणा देने की मांग की।
इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिंदा युवक के समाधिस्थ होने की सूचना पर पुलिस के होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समाधिस्थ युवक अरविंद के परिजनों की मदद से मिट्टी के गढ्ढे से निकाला। हालांकि बाद में सभी को भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत के बाद छोड दिया। पुलिस ने युवक को भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की हिदायत दी है।