नौहझील/फरह (मथुरा)। नौहझील के गांव बाघई में विवाहिता का शव पंखे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारा। उधर, फरह के कसबे में विवाहिता की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया।
थाना नौहझील के गांव बाघई निवासी मुकुंद के बेटे लोकेश का विवाह 17 फरवरी 2017 में अलीगढ़ के गोरौला निवासी भंवर सिंह की बेटी पूजा (21) से हुआ था। रविवार को पूजा कमरे में पंखे से लटकी मिली। गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पहुंची नौहझील पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
मायके वाले विवाहिता की हत्या करके शव पंखे से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। मृतका पर सात महीने की बेटी है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उधर, थाना फरह के कसबे पटवा गली निवासी रामबाबू के बेटे अनिल का विवाह करीब दो साल पहले हाथरस के गांव निनामई निवासी रामफूल की बेटी मधु से हुआ था।
रविवार को विवाहिता की आग लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फरह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के भाई जितेंद्र ने बहनोई समेत तीन के खिलाफ जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।