फिरोजाबाद। पीएम नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी सौभाग्य योजना के तहत नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन लेने में गरीब परिवार भी रुचि नहीं दिखा रहे। इससे विद्युत विभाग के अफसर टेंशन हैं कि आखिर 70 हजार कनेक्शन का लक्ष्य कैसे पूरा जाए।
केंद्र सरकार ने गरीबों के घर रोशन करने के लिए सौभाग्य योजना शुरू की है। योजना के तहत गरीबों को नि:शुल्क कनेक्शन के साथ केबल, बोर्ड और एलईडी लगाकर घर रोशन किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने सोचा था कि सौभाग्य योजना में फ्री कनेक्शन देने से गरीबों के घर रोशन होंगे, लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। गांव में गरीब कनेक्शन लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। योजना के तहत जिले को 70 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य मिला है। इसे विभाग को दिसंबर तक पूरा करना है। विभाग योजना का प्रचार प्रसार कर रहा है।
गांव-गांव कैंप लग रहे हैं, लेकिन परिणाम बेहतर नहीं आ रहे। यही कारण है कि लाख प्रयास के बावजूद विभाग अभीतक छह हजार कनेक्शन ही दे पाया है। कनेक्शन न लेने के पीछे तर्क है कि अभी विद्युत विभाग नि:शुल्क कनेक्शन दे रहा है, लेकिन बाद में हजारों रुपये का बिल कहां से जमा होगा। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। शासन सौभाग्य योजना के लक्ष्य की समीक्षा कर रहा है। अफसरों को सख्त दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों द्वारा रुचि नहीं लेने से अफसर टेंशन में हैं कि आखिर 70 हजार लक्ष्य की पूर्ति कैसे की जाए।