फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला की खुदकुशी के बाद दुष्कर्म के आरोपी ने लगाई फांसी

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

जसराना (फिरोजाबाद)। जसराना थाना क्षेत्र के एक गांव में बदनामी के डर से महिला द्वारा खुदकुशी किए जाने के बाद महिला के अश्लील फोटो वायरल करने वाले दुष्कर्म के आरोपी ने भी सुइसाइड नोट लिख फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने नोट में लिखा है कि मेरी जान (महिला) उसे मिस कर रही है। शनिवार को उसका शव घर के अंदर लटका मिला, जबकि पुलिस शुक्रवार शाम से दुष्कर्म के तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। पूरे मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने थाना प्रभारी और अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। आईजी राजा श्रीवास्तव ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। उधर, मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखाई है।

थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 जुलाई को एक महिला के पति ने गांव के ही अमित उर्फ छिटंकी, अनिल एवं जितेंद्र के खिलाफ उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो खींचकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाते हुए अभियोग दर्ज कराया था लेकिन महिला के शुक्रवार को अदालत में बयान होते इससे पहले ही उसने बदनामी के डर से घर में पंखे पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। महिला की मौत के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पूरी रात दबिश देने के साथ उनके रिश्तेदारों को हिरासत में लिया। पुलिस मुख्य आरोपी अमित की तलाश में उसके भाइयों और रिश्तेदारी में दबिश देती रही जबकि अमित शनिवार सुबह घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
विज्ञापन


अमित की मौत की खबर से पुलिस के हाथ पैर फूल गए। शुक्रवार को अमित की भाभी को पुलिस ने हिरासत में लिया था, उसे तुरंत छोड़ दिया। किसी भी अनहोनी की आशंका से पुलिस ने पूरे गांव को छावनी बना दिया। मौके पर आईजी राजा श्रीवास्तव, एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी सिटी, एसपी देहात महेंद्र सिंह, सीओ जसराना प्रेमप्रकाश यादव, सीओ शिकोहाबाद संजय रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने सुइसाइड नोट अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, मृतक के भाई भगवान सिंह ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है। इसके बाद मृतक के भाई ताराचंद्र ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या करने को प्रेरित करने का अभियोग दर्ज कराया है।
विज्ञापन


आईजी राजा श्रीवास्तव के घटनास्थल का दौरा करने एवं एसएसपी को सख्त कार्यवाही करने के आदेश देने के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल ने जसराना कोतवाल मुनीश चंद्र एवं अतिरिक्त थाना प्रभारी कानून व्यवस्था एवं दुष्कर्म मामले की विवेचना कर रहे सोमपाल सिंह सैनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कोतवाली का चार्ज थाना उत्तर में तैनात आरबी सिंह को सौंपा गया है। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि आरोपी की मौत का परीक्षण किया जा रहा है। जो भी दोषी होगा, कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात महेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस अपना कार्य कर रही है। अन्य आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें