मैनपुरी। जनपद में कुष्ठ रोगियों को खोज निकालने के उद्देश्य से सीएमओ कार्यालय सभागार में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा चिकित्सा अधीक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके पांडेय द्वारा किया गया।
कुष्ठ रोग नियंत्रण हेतु कुष्ठ रोगी खोजी अभियान पखवाड़ा कार्यक्रम 16 से 29 जुलाई तक चलाया जाएगा।
इसके तहत सीएमओ कार्यालय पर जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. संजीव राव बहादुर की देखरेख में दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि कुष्ठ रोग के महत्वपूर्ण इंडीकेटर वार्षिक नये खोजी दर एवं व्यापकता दर में कोई विशेष कमी न होने और अभी भी नये मिल रहे रोगियों मे विकलांगता दर अपेक्षाकृत अधिक पायी जाती है।
नये रोगियों मे अवयस्क रोगियों का प्रतिशत बढ़ रहा है। इससे स्पष्ट है कि अभी समाज में कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्ति छिपे हुए हैं। उनको खोजकर उपचारित करना हमारा उद्देश्य है।
जनपद के समस्त विकास खंडों में आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम तथा पुरुष स्वयंसेवक दल द्वारा घर-घर पहुंचकर कुष्ठ रोगियों की जांच कर खोज करेंगे। इसके लिए जनपद में 2062 टीमें बनायी गई हैं।
जिनके पर्यवेक्षण के लिए 413 पर्यवेक्षक बनाये गये हैं। जिला स्वास्थ्य सूचना अधिकारी रवींद्र सिंह गौर, जिला सलाहकार अभय कुमार सिंह, डॉ. यूएन चतुर्वेदी, डॉ. पपेंद्र कुमार, डॉ. शंभू सिंह, डॉ. राहुल उपाध्याय रहे।