फिरोजाबाद। राजस्व वसूली के संबंध में अधीक्षण अभियंता ने शनिवार को टूंडला व फिरोजाबाद डिवीजन की बैठक ली, जिसमें अवर अभियंता को 15 दिन में 100-100 एफआईआर कराने, 200 नए कनेक्शन निर्गत करने, 300 बकाए पर कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि. के अधीक्षण अभियंता एके वर्मा ने लेबर कालोनी स्थित कार्यालय पर अधीनस्थ अफसरों के साथ राजस्व की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी उपभोक्ता पर 50 हजार से अधिक बकाया है तो तत्काल कनेक्शन काट दें। ऐसे उपभोक्ता जो सालों से बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उन पर एक लाख ऊपर बकाया हो चुका है।
ऐसे कनेक्शनों को मैं स्वयं चेक करूंगा। ऐसा कोई कनेक्शन चलता मिला तो संबंधित एसडीओ व जेई पर सीधे कार्यवाही की जाएगी। बकाए पर कटे कनेक्शनों को प्रतिदिन चेक करें, यदि बकाया जमा किए बिना कनेक्शन चलता मिले तो एफआईआर कराएं।
अधीक्षण अभियंता ने समस्त एसडीओ व जेई को चेतावनी दी कि राजस्व वसूली व उपभोक्ताओं पर कार्यवाही का लक्ष्य पूरा न होने पर संबंधित पर कार्यवाही होगी। बैठक में एक्सईएन दुर्गाप्रसाद, मनोज कुमार, शैलेंद्र कटियार, एसडीओ प्रवीन कुमार, राजवीर सिंह, अनिल कुमार, जेई धर्मेंद्र राजपूत, धर्मेंद्र प्रजापति, राजेंद्र सिंह, अनूप भारद्वाज, राजेश कुलश्रेष्ठ, राहुल मौजूद रहे। ब्यूरो