जिला मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने के बिजली विभाग के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। बुधवार की रात को आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। बिजली न आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहसील रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में तकनीकि खराबी आ गई, जिससे मध्यरात्रि को बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात भर इस ट्रांसफार्मर से जुड़ी बस्ती गली बोहरान, मीना बाजार, गली छेदालाल, रामबाबू चौक, तहसील रोड आदि बस्तियां अंधेरे में डूबी रहीं। इन बस्तियों के लोग रात भर लोग चैन से नहीं सो सके। दिन निकलने पर इन बस्तियों में पेयजल का सकट गहरा गया। लोगों को बाहर से अपने घरों में पेयजल की व्यवस्था करनी पड़ी। विभाग लगभग 14 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर पाया। लवकुश नगर में रात के समय फेस ब्रेक होने से बिजली संकट गहरा गया। जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को काफी परेशानी रही। गली अमीनुददीन, पठान चौक, गली पचौरियान, गली जोशियान आदि में रात भर वोल्टेज घटते बढ़ते रहे जिससे लोगों के पंखे कूलर आदि नहीं चल पाए। बिलराम गेट, नदरई गेट, प्रभु पार्क सहित शहर के अधिकांश इलाकों में रात व दिन में बिजली की आंख मिचौली का खेल चलता रहा। गर्मी के मौसम में बिजली की इस स्थिति ने लोगों की रात की नींद तथा दिन का चैन छीन लिया है। लोगों को बिजली संकट के चलते काफी दिक्कतें हो रही हैं।
ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने से रात भर बिजली का संकट बना रहा। दिन में भी कई घंटे तक आपूर्ति नहीं मिल सकी-भरत चांडक निवासी गली बोहरान
रात के समय फेस ब्रेक होने से बिजली का संकट गहरा गया, जिससे काफी दिक्कतें हो गईं। अरविंद निवासी लवकुश नगर
बस्ती में रात भर वोल्टेज की समस्या बनी रही, बार-बार वोल्टेज घटते बढ़ते रहे। कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। गिरीश चंद्र निवासी गली अमीनुददीन
तहसील रोड के ट्रांसफार्मर में तकनीकि कर्मी आ गई थी, जिसे दूर कर दिया गया है। खराब स्टड बदल दिए गए हैं-प्रवेश यादव जेई।