कासगंज। बरेेली-कासगंज मार्ग पर जखरुद्रपुर नगला भूड़ के निकट पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक बालक झुलस गया। बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। ग्रामीणों में गुस्से के चलते मौके पर तहसीलदार पहुंच गए।
जयप्रकाश (11) पुत्र हरिशंकर निवासी जखारुद्रपुर नगला भूड रविवार सुबह साइकिल चला रहा था। वह संत तुलसी दास द्वार के निकट लगे बिजली के पोल के बगल से गुजता तो उसे करंट ने खींच लिया। पोल में 11 हजार वोल्टेज का करंट उतर आया था। हाई वो्लटेज करंट से जयप्रकाश गंभीर रूप से झुलस गया। राहगीरों ने देखा तो तुरंत बिजली विभाग को जानकारी दी। वहां भीड़ जुट गई।
परिवार के लोग झुलसे जयप्रकाश को अस्पताल ले गए। उसकी हालत गंभीर थी इसलिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। बिजली विभाग की लापरवाही से बालक की जान खतरे में पड़ने से लोगों में गहरी नाराजगी है। मौके पर भीड़ जुटी तो कोतवाली पुलिस के साथ ही तहसीलदार एनराम भी आ गए। अधिकारियों ने बिजली विभाग के कर्मियों को बुलाकर पोल से करंट हटवाया।