सात मार्च को अलीगढ़ में राजस्थान के राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पौत्री एवं एटा कासगंज के सांसद राजवीर सिंह की पुत्री का विवाह अलीगढ़ में होना है। इस वीआईपी शादी में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के आने की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसी स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले से पुलिस बल अलीगढ़ जा रहा है।
वहीं जिला चिकित्सालय से चिकित्सीय टीम भी अलीगढ़ में तैनात रहेगी। मसकट फॉर्म हाउस में यह विवाह समारोह संपन्न होगा। बड़ी संख्या में प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। जिले से डेढ़ सौ पुलिसकर्मी एवं 2 सीओ इस समारोह के लिए वीआईपी ड्यूटी में पहुंचेंगे। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी ने विवाह कार्यक्रम के लिए एक एंबुलेंस व डा. परमिंदर सिंह के नेतृत्व में 7 सदस्यीय चिकित्सीय टीम अलीगढ़ के लिए गठित करके 7 मार्च को जाने के निर्देश दिए हैं। इस विवाह समारोह में जिले से भी बड़ी संख्या में लोगों को बुलाया गया है। वीआईपी विवाह को लेकर तमाम चर्चाएं हैं।