मथुरा। हाईवे के गांव पालीखेड़ा के जाटव मुहल्ले में खरंजे किनारे ट्रैक्टर चालक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवारवाले हत्या की बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि शरीर पर कई जगह चोटों के निशान हैं। प्राइवेट पार्ट पर भी चोट है। वहीं, पुलिस हादसा बता रही है। माना जा रहा किसी वाहन की टक्कर से मौत हुई है। उधर, परिवारवालों के कहने से हाईवे पुलिस ने हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
थाना हाईवे के गांव तारसी निवासी श्यामसुंदर (27) पुत्र बाबूलाल डेढ़ साल से गांव पालीखेड़ा में पप्पू के मकान पर किराए पर रहा था। यहीं पर सोनी प्रजापति के ट्रैक्टर पर चालक था। सोमवार की रात घर न पहुंचने पर पत्नी सावित्री अपने भाई मुकेश के साथ उसे तलाशने निकली। रास्ते में जाटव मौहल्ले में खरंजे किनारे पति को लहूलुहान हालत में पड़ा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
पत्नी का आरोप है कि उनके पति की बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक के चाचा नत्थीलाल ने पालीखेड़ा निवासी ट्रैक्टर स्वामी सोनी प्रजापति के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा थाना हाईवे में दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश त्रिपाठी का कहना है हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है, पर चालक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हुई है।