एटा। जिला आबकारी अधिकारी और एसडीएम अलीगंज की मौजूदगी में आबकारी टीम ने अलीगंज के गांव टपुआ और किनौडी में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 60 लीटर कच्ची शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक हजार किलो लहन भी नष्ट कराया।
अलीगंज क्षेत्र के गांव टपुआ और किनौडी में जहरीली शराब निर्माण पर अंकुश नहीं लग पा रहा। बेखौफ तस्कर धड़ल्ले से जहरीली शराब तैयार कर रहे हैं। शनिवार देर शाम जिला आबकारी अधिकारी आनंद प्रकाश के साथ एसडीएम अलीगंज और सीओ अजय भदौरिया ने निरीक्षक रणविजय सिंह के साथ टपुआ और किनौडी गांव में छापा मारा।
इस दौरान टीम ने गांवों से करीब 60 लीटर कच्ची शराब बरामद कर एक युवक को दबोच लिया। शराब बनाने के उपकरण बरामद कर भट्टियां भी तुड़वाईं। छापे की जानकारी मिलने पर शराब तस्कर गांव छोड़कर फरार हो गए।