फिरोजाबाद/टूंडला। शुक्रवार को थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव में बैंक के बकाया की वसूली के लिए गई संग्रह अमीनों की टीम पर बकाएदार ने अपने तीन पुत्रों के साथ लाठी-डंडों से टीम पर हमला कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। संग्रह अमीन ने थाना नगला सिंघी में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार दोपहर संग्रह अमीनों की एक वसूली टीम गांव धीरपुरा में बकाएदार प्रेमशंकर के घर पहुंची। टीम में संग्रह अमीन राजेश कुमार, संतोष कुमार, अशोक कुमार तथा संग्रह सेवक विरेन्द्र सिंह शामिल थे। टीम ने बकाएदार प्रेमशंकर के घर न होने पर गांव से बुलाया।
उससे भूमि विकास एवं भारतीय स्टेट बैंक कृषि शाखा टूंडला का कुल 7 लाख 58 हजार 384 रुपए तथा ब्याज व फीस देने के लिए कहा गया। इतना सुनते ही प्रेमशंकर ने टीम के साथ गाली-गलौज कर दी। इतना ही नहीं उसने अपने पुत्रों को बुला लिया तथा लोहे के पाइप, हंसिया, डंडे लेकर टीम पर हमला कर दिया।
किसी तरह टीम अपनी जान बचाकर भाग निकली। बकाएदार ने धमकी दी कि यदि गांव में दोबारा आए तो जान से मार देंगे। संग्रह अमीन राजेश कुमार ने हमलावर बकाएदार प्रेमशंकर उसके पुत्र हाकिम सिंह, भंवर सिंह एवं तीसरा पुत्र जिसका नाम पता नहीं के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज है।