एटा। दिवाली पर धूमधड़ाका मचाने के लिए पटाखा बाजार सजकर तैयार है। शहर के सैनिक पड़ाव में अस्थायी पटाखे विक्रेताओं की दुकानें सज गई हैं। पर्व पर सीता-गीता अनार, फुलझड़ी और देशी बम की खासी बिक्री हो रही है। पटाखा बाजार को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं।
दिवाली पर पटाखों की धूम हमेशा रही है। इस बार चाइना उत्पादों का बहिष्कार होने से चाइनीज पटाखे मार्केट से बाहर हैं। ऐसे में देशी पटाखों का खासा क्रेज है। जिले में 11 स्थानों पर पटाखा बाजार लगाए गए हैं। इसके साथ ही 100 अस्थायी पटाखा विक्रेताओं को लाइसेंस दिए गए हैं। शहर के सैनिक पड़ाव पर बड़ी संख्या में पटाखों की दुकानें सजी हैं।
पर्यावरण संरक्षण की पहल को लेकर लोग तेज आवाज और धुआं देने वाले पटाखाें से परहेज कर रहे हैं। पटाखा विक्रेता गणेश वार्ष्णेय बताते हैं कि दिवाली पर देशी पटाखों की मांग ज्यादा है। इनमें देशी अनार, सीता-गीता, चरखी, फुलझड़ी, देशी बम, टू साउंड राकेट, पैराशूट और चटाई बम की खासी मांग है। प्रशासन ने पटाखा बाजार में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं।
दुकानों के आसपास अग्निशमन यंत्र लगाने के साथ दमकल वाहन खड़े किए गए हैं। अधिकारी पटाखा बाजार की पूरी निगरानी कर रहे हैं। अग्निशमन अधिकारी वीके सिंह बताते हैं कि पटाखा बाजार में कड़े सुरक्षा इंतजाम हैं। जिले के मारहरा, मिरहची, जलेसर, अलीगंज, अवागढ़, जैथरा, धुमरी, सकीट, निधौलीकलां में भी पटाखों की खूब बिक्री हो रही है।