गोवर्धन (मथुरा)। बिना अनुमति के बड़े स्तर पर चल रहे अवैध खनन को राजस्व अधिकारी ने पुलिस टीम के साथ पकड़ा है। कार्रवाई देख खनन माफिया में हड़कंप मच गया। मौके से पानी के टैंकर, पोकलेन मशीन, तीन डंपर और तीन चालकों को पकड़ा गया है। शनिवार को नायब तहसीलदार अजय कुमार यादव पुलिस के साथ ग्राम भवनपुरा में शहीद की पत्नी को पट्टा दिलाने जा रहे थे। नायब तहसीलदार ने देखा कि जंगल में बड़े स्तर पर कृषि जमीन से अवैध रूप से मिट्टी खनन हो रहा है। उन्होंने मौके से तीन डंपर, एक पॉकलेन मशीन, पानी का टैंकर, तीन चालकों को गिरफ्तार कर लिया। खनन माफिया मौके से भाग गए। नायब तहसीलदार अजय यादव ने बताया कि अवैध खनन में लगे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।