सहावर (कासगंज)। सशस्त्र बदमाशों ने शनिवार की देररात चांडी रोड पर सड़क पर कील डालकर दो ट्रकों के चालक परिचालकों से हजारों रुपये की नकदी लूट ली। लूट की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ितों ने तहरीर दी है।
ट्रक चालक कल्लू और सलीम आगरा से दो ट्रक सीमेंट के भरकर सहावर आ रहे थे। रात के समय चांडी के निकट आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने रास्ते में पहले से ही सड़क पर कीलों का पट्टा बनाकर डाल दिया और स्वयं झाड़ियों में छिपकर बैठ गए। रास्ते मे पड़ी कीलों से उनके टायर पक्ंचर हो गए। टायर पंक्चर होते ही बदमाश झाड़ियाें से बाहर निकल आए।
बदमाशों ने चालक परिचालकों के ऊपर तमंचे तान दिए और लूटपाट कर दी। बदमाश कल्लू और सलीम से पांच हजार रुपये की नकदी लूट लिए। ट्रक चालकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।