मथुरा। मथुरा को सूखाग्रस्त घोषित कराने के लिए 11 सितंबर को पांच हजार किसान और रालोद कार्यकर्ता जिला मुख्यालय को घेरेंगे। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्र से जिला मुख्यालय के घेराव में भागेदारी हो, इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। रालोद पदाधिकारियों ने प्रत्येक विधानसभा में पहुंचकर किसानों और ग्रामीणों से शामिल होने का आह्वान किया है।
11 सितंबर को भगत सिंह पार्क से रालोद कार्यकर्ता और किसान जिला मुख्यालय को घेरने के लिए कूच करेंगे। शुक्रवार को डैपिंयर नगर स्थित अवागढ़ हाउस में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए रालोद जिलाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने बताया कि धान, बाजरा, तिल और ढेंचा बिना पानी के सूख गया है। इसके बाद भी प्रदेश की भाजपा सरकार से मथुरा को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया। केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर भाजपा सरकार जनता को बेवकूफ बना रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में ताराचंद गोस्वामी, हरवीर चौधरी, राजेश चौधरी, लोकेश शर्मा और कालीचरन ने छाता विधानसभा में संपर्क कर लोगों से चलने का आह्वान किया।