मथुरा। सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण पर विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता (एई)और अवर अभियंता (जेई) फंस गए हैं। प्रभारी सचिव के निर्देश के बावजूद अवैध निर्माण पर कोई कार्रवाई न किए जाने से दोनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई हैं। अवैध निर्माण करने वालाें में भाजपा नेता भी शामिल है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। यहां निर्माण के लिए भवन स्वामी को जांच पड़ताल की कई प्रक्रियाआें से गुजरना होता है। इसमें सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियों की अनुमति भी शामिल है, लेकिन पिछले कुछ माह से यहां धडल्ले से अवैध निर्माण चल रहा है। इसे रोकने की कोशिश मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता और अवर अभियंता ने भी नहीं की। यहां तक कि इस संदर्भ में उच्चाधिकारियों के आदेशों को भी सहायक अभियंता और अवर अभियंता द्वारा नजरंदाज किया गया।
इस पर प्रभारी सचिव रवींद्र कुमार ने प्रभारी उपाध्यक्ष अरविंद मलप्पा बंगारी से सहायक अभियंता कौशलेंद्र चौधरी और अवर अभियंता उपेंद्र गौड़ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। प्राधिकरण के प्रभारी सचिव रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को लिख दिया गया है।
भाजपा नेता के होटल पर अफसर मेहरबान
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में एक होटल बन रहा है। यह होटल मानकों को पूरा नहीं करता। यह होटल भाजपा नेता कपिल उर्फ बंटी का है। प्राधिकरण के अफसरों ने इस निर्माणाधीन होटल को सील कर दिया था लेकिन सील होने के बाद भी निर्माण का काम जारी है। प्रभारी सचिव रवींद्र कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक सील भवन पर कपिल उर्फ बंटी द्वारा तीन मंजिल होटल के रूप में अवैध निर्माण किया जा रहा है। महाविद्या चौराहा पर अवैध रूप से 20 दुकानों की मार्केट और ऊपर तीन मंजिला होटल का निर्माण हुआ है।