एटा। भूगर्भ से जल का भंडार अब खत्म हो रहा है। जिले के जलस्तर में 88 फीसदी तक गिरावट आ गई है। वहीं तीन ब्लॉक डार्क जोन और क्रिटिकल जोन की स्थिति में आ गए हैं। अगर अभी भी नहीं चेते तो भावी पीढ़ियों को पानी मयस्सर नहीं हो सकेगा।
इन दिनों जिले में भूजल स्तर सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत प्रशासन तमाम जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। वहीं जिले के हालातों पर गौर करें तो पिछले सालों में भूजल दोहन के चलते सभी ब्लॉकों में जल स्तर गिर गया है। वैसे तो पानी का उपयोग साल भर होता है और बरसात बमुश्किल तीन-चार महीनों की ही होती है। फिर भी अच्छी बारिश काफी हद तक भूजल के भंडार को भर देती है।
साल 2014 से औसत बारिश आधे पर आकर टिक गई है और जमकर हो रहे धरती के दोहन ने भूगर्भ जल का हाल बिगाड़ दिया है। भूगर्भ जल विभाग के आंकड़ों की मानें तो जिले में भूगर्भ जल का दोहन 88.29 फीसदी तक हुआ है। सबसे ज्यादा खराब हालात जलेसर विकास खंड में है। यहां जल का स्तर 15 मीटर तक गिर चुका है। वहीं मारहरा और निधौलीकलां ब्लॉक क्रिटिकल स्थिति में है। ऐसे में भूगर्भ का गिरता स्तर चिंता की बात है।
यूं तो डार्कजोन जलेसर में बोरिंग पर प्रतिबंध लगा है, लेकिन इसके बाद भी लोग खुलेआम भूगर्भ का दोहन कर रहे हैं। जलेसर में जलस्तर 15 मीटर तक गिर चुका है। वहीं अन्य विकास खंडों में यही हालात हैं।
औसत भूजल (मीटर में)
क्षेत्र 2014 2015 2016
एटा सिटी 8.07 8.08 8.10
जैथरा 6.64 7.03 7.08
जलेसर 11.08 13.50 15.00
मारहरा 7.17 08.15 08.75
निधौली कलां 9.06 10.09 11.01
शीतलपुर 7.26 8.15 8.30
अवागढ़ 8.07 8.08 10.01
सकीट 6.00 6.97 7.01
इन कारणों से गिरा भूजल स्तर
- बोरिंग
- पक्के रास्तों का निर्माण
- पेड़ों का अंधाधुंध कटान
- जल को व्यर्थ बहाना
- बारिश का कम मात्रा में होना
- वर्षा जल का संग्रहण नहीं होना
भूगर्भ जलस्तर को ठीक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भूजल सेना लोगों को जल के महत्व के बारे में समझाएगी। स्कूलों में भी कार्यक्रम होंगे।
- उग्रसेन पांडेय, सीडीओ
जिले में भूगर्भ जल का स्तर गिरता जा रहा है। साल भर में यह दो मीटर तक खिसक जाता है। जलस्तर को गिरने से रोकने की कवायद चल रही है।
- एएस भाटी, अधिशासी अभियंता, जल निगम