फिरोजाबाद। एक रुपये के छोटे सिक्के को लेकर पूरे जिले में भ्रम बढ़ता जा रहा है। अफवाह के चलते कई छोटे-बडे़ दुकानदार यह सिक्का नहीं ले रहे हैं। ऐसे में नगर मजिस्ट्रेट ने यह सिक्का न लेने वाले और अफवाह फैलाने वाले दोनों को खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। लीड बैंक मैनेजर ने बताया कि यह सिक्का पूरी तरह वैध है और इसके बंद होने के संबंध में आरबीआई से कोई आदेश नहीं आया है।
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में सिक्का बंद होने की अफवाह फैली हुई है। लोगों के लिए यह मुश्किल बनता जा रहा है। कई दुकानदारों के पास एक रुपये के छोटे सिक्के काफी जमा हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई दुकानदार ये बता रहें है कि अब एक रुपये का सिक्का नहीं चल रहा है। जबकि भारत सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश नहीं है।
एक रुपये का छोटा सिक्का वैध मुद्रा: लीड बैंक प्रबंधक
लीड बैंक प्रबंधक एसके खंडेलवाल ने बताया कि एक रुपये का छोटा या बड़ा सिक्का भारत सरकार की वैध मुद्रा है। जो भी ग्राहक या व्यापारी सिक्कों को बंद होने की अफवाह फैला कर लेने से इनकार करता है वह देशद्रोह की श्रेणी में आता है।
सिक्का न लेने वालों की सूचना दें: नगर मजिस्ट्रेट
नगर मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव का कहना है कि कोई एक रुपये का सिक्का बंद होने की अफवाह फैलाता है या कोई नहीं लेता है तो इसकी सूचना दी जाए। ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।