फिरोजाबाद। क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई बारिश से बिजली का संकट गहरा गया। गर्मी और उमस के मौसम में रात से दोपहर तक बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
बाईपास स्थित एसएन बिजलीघर पर रात 9:10 बजे तार टूट गए। कंट्रोल रूम से पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए गए।
बिजली टीम द्वारा हाईवे पर पेट्रोलिंग की गई तो आसफाबाद नलकूप कालोनी के पास तार टूटा मिला। तार जोड़ने के बाद रात में एक बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। सुहागनगर बिजलीघर के अंतर्गत सेक्टर तीन में बारिश के कारण केबल बाक्स में आग लग गई।
अंडरग्राउंड लाइन होने के कारण विद्युत टीम को फाल्ट ढूंढने में समस्या आई। रात में चार बजे से नौ बजे तक बिजली न आने पर बिजली अधिकारियों के फोन खटखटाए गए। तब बिजली की टीमें फाल्ट ढूंढने को सक्रिय हुईं। सेक्टर तीन में केबल बाक्स बदलने के बाद 11 बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी।
रहना नाले की पुलिया पर 33 केवी लाइन के ऊपर आ रही बरगद के पेड़ की टहनियां छंटवाने के लिए इंडस्ट्रियल बिजलीघर का 11 शटडाउन लिया गया। पेड़ की डाली टूट कर गिरने से बिजली विभाग की समस्या बढ़ गई।
इंडस्ट्रियल एरिया के साथ पुरुषोत्तम विहार और यूपीएसआईडीसी का भी शटडाउन करा दिया गया। विद्युत टीमें पेड़ की टहनी हटाकर लाइन को सुचारू करने में लगी थीं, परंतु चार बजे तक सप्लाई चालू नहीं हो सकी। एसडीओ सचिन गुप्ता ने बताया कि लाइन चालू कराने के लिए कार्य कराया जा रहा है।
बरसात होने के कारण देहात क्षेत्रों में ब्रेकडाउन होने के कारण रात से शुक्रवार की शाम तक बिजली संकट बना रहा। रात में तेज बरसात होने के कारण धीरपुरा, पचोखरा, बझेरा, घुरकुआं, नसीरपुर, पैंढ़त, उड़ेसर, नगला चूरा, उखांड़, पृथ्वीपुर, मदनपुर फीडर ब्रेकडाउन में चले गए। विद्युत टीमें से सुबह से शाम तक ब्रेकडाउन अटेंड करने को दौड़ती रहीं।