वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में 15 अगस्त कृष्ण जन्माष्टमी पर रात 12 बजे ठाकुर बांकेबिहारीजी महाराज के श्रीविग्रह का अभिषेक होगा। इसके बाद मध्यरात्रि 2 बजे के बाद मंगला आरती होगी। 2:30 बजे से सुबह 5:30 तक श्रद्धालु दर्शन लाभ ले सकेंगे। नंदोत्सव दर्शन प्रात: 7:45 से 12 बजे तक होंगे।
-राधारमण मंदिर में सुबह 9 बजे से 12:30 बजे तक दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि 54 प्रकार की वनौषधियों से ठाकुर राधा रमणलाल के श्रीविग्रह के अभिषेक दर्शन हाेंगे।
-राधादामोदर मंदिर में सुबह 9:30 बजे श्री गिरिराज चरणशिला का महादुग्धाभिषेक होगा।
-यशोदानंदन धाम में शाम श्रीकृष्ण जन्मकाल तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
राधा निवास स्थित वैंकटेश मंदिर में 15 अगस्त कृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान विष्णु के दस अवतारों के विग्रह का अनावरण होगा। यह जानकारी ब्रह्मचारी रामानुजाचार्य ने दी है।
शाम से वृंदावन में वाहनों का प्रवेश वर्जित
वृंदावन। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर वृंदावन की सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर तैयारियों में लगे पुलिस प्रशासन द्वारा सोमवार शाम से वृंदावन में बड़े और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। नई यातायात व्यवस्था के तहत नेशनल हाईवे दो की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर मां वैर्ष्णों देवी मंदिर के समीप और छोटे चार पहिया वाहनों को रुक्मिणी बिहार पार्किंग पर रोका जाएगा।
मथुरा से आने वाले बड़े और चार पहिया वाहनों को धौरेरा के समीप हासानंद गोशाला की खाली भूमि पर एवं चार पहिया वाहनों को पागल बाबा के समीप दारुक पार्किंग पर पार्क कराए जाएंगे। जबकि यमुना एक्सप्रेस वे की ओर से आने वाले बड़े वाहन पुल से पूर्व बांके बिहारी भोजनालय के समीप और छोटे वाहन पुल पार करने के बाद बनी पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे।