फिरोजाबाद। सोमवार मध्यरात्रि बारिश के कारण शहर से लेकर देहात क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। कई जगह विद्युत केबल बर्स्ट हो गई। देहात क्षेत्रों में डेढ़ दर्जन बिजली घरों पर ब्रेक डाउन होने से दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। सुबह 11 बजे के बाद स्थिति सामान्य हुई।
आसफाबाद बिजली घर में 33केवी की इंसुलेटर क्लैंप जलने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ओमनगर में विद्युत लाइन टू-फेस हो जाने से सप्लाई बंद रही। लेबर कालोनी बिजली घर के अंतर्गत मोहम्मद गंज में मंगलवार सुबह 11 बजे 250 केवी के ट्रांसफार्मर की अंडरग्राउंड केबल बर्स्ट हो गई थी। जिस कारण दोपहर 4.15 तक बिजली आपूर्ति बंद रही। एसएन बिजली घर में पानी चले जाने के कारण केबल बाक्स बर्स्ट होने से बायपास, दुर्गा नगर और एसएन फीडर की बिजली आपूर्ति बंद रही। केबल बाक्स में मंगलवार को सुबह नौ बजे आग लगी। दोपहर ढ़ाई बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। ग्रामीणों क्षेत्रों में बिहारीपुर, पचोखरा, रिजावली, नया बांस, यूपीएसआईडीसी, उखाड, पैढ़त, नसीरपुर, बजीरपुर, मटसेना, लोहारी सहित डेढ़ दर्ज बिजली घरों पर ब्रेक डाउन होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद रही।
टूंडला में बिजली कटौती से लोग परेशान
टूंडला। नगर में बिजली कटौती से लोग परेशान हो गये हैं।
भाजपा ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश में तहसील स्तर पर 20 से 22 घंटे तक बिजली आपूर्ति देने की घोषणा की थी। नगर में हो रही बिजली कटौती ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। रक्षाबंधन पर्व पर भी हुई अघोषित विद्युत कटौती ने नगरवासियों को काफी निराश किया। 24 घंटे में मात्र दस से 12 घंटे तक ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। नगरवासियों ने बिजली कटौती बंद कराये जाने की मांग की है। मांग करने वालों में रामकिशन यादव, पंकज जैन, नौरंग सिंह यादव, मनोज जैन, संजय पचौरी, देवेंद्र चौहान रहे।