मथुरा। जनपद में रिक्त पडे़ अहम पदों पर अफसरों की तैनाती करने के लिए डीएम ने शासन को पत्र भेजा है। इसमें विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और सचिव सहित नवसृजित नगर निगम में अधिकांश पदों पर अफसरों की तैनाती न होने के कारण पैदा हो रही स्थिति से शासन को अवगत कराया गया है।
करीब ढाई माह पहले मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के पद पर तैनात सीनियर पीसीएस सीपी सिंह का स्थानांतरण गाजियाबाद नगर आयुक्त के पद पर किया गया तो सचिव विजय कुमार को अपर आयुक्त आगरा बना दिया गया। शासन ने दोनों पदों पर किसी की तैनाती नहीं की है।
ऐसा ही हाल मथुरा-वृंदावन नगर निगम का है। नवसृजित नगर निगम के लिए 40 पद सृजित किए गए हैं, लेकिन तैनाती दो पदों पर है। इसमें नगर आयुक्त भी शामिल हैं। इसके लिए भी करीब तीन माह का इंतजार नगर निगम को करना पड़ा है। निगम के बाकी पदों पर अफसरों की गैर मौजूदगी विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में आडे़ आ रही है। स्थिति यह है कि अफसरों की तैनाती के अभाव में निगम का प्रशासनिक ढांचा भी तैयार नहीं हो पा रहा है।
शासन को जनपद में रिक्त पदों पर अफसरों की तैनाती करने के संदर्भ में पत्र भेजा गया है। संभावना है कि जल्द ही कई अहम पदों पर जनपद में अफसरों की तैनाती हो जाएगी।
अरविंद मलप्पा बंगारी, डीएम, मथुरा