आगरा में खंदारी, लॉयर्स कॉलोनी, दयालबाग और न्यू आगरा क्षेत्र के करीब 15 हजार घरों में शनिवार को सुबह करीब सात घंटे पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति बंद रही। खंदारी के मऊ रोड पर खोदाई के दौरान टोरंट पावर की टीम से पीएनजी का पाइपलाइन टूट गई। सात घंटे बाद दूसरी लाइन से पाइप जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद शनिवार शाम तक मरम्मत का काम चलता रहा।
खंदारी के मऊ रोड पर खोदाई के दौरान शनिवार अलसुबह करीब तीन बजे पीएनजी पाइपलाइन कटी। ग्रीन गैस की ओर से रात सवा तीन बजे आपूर्ति बंद कर दी गई। टीम मौके पर मरम्मत के लिए पहुंची। पाइपलाइन की मरम्मत में समय लग रहा था, इस पर ग्रीन गैस की टीम ने दूसरी लाइन की तलाश की और कटी पाइप को जोड़ा। इस प्रक्रिया में समय लग गया। सुबह करीब दस बजे आपूर्ति बहाल हो पाई। ग्रीन गैस के मीडिया समन्वयक विनय भारद्वाज के मुताबिक जो पाइप लाइन कटी थी, उससे विभिन्न क्षेत्रों के करीब 15 हजार घर जुड़े हुए हैं।
महिला कुश्ती प्रतियोगिता: ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक को हराने के बाद स्वर्ण पदक लेने 25 मिनट देर से पहुंची सोनम
टोरंट पावर की लापरवाही से पाइपलाइन कटी
टोरंट पावर की ओर से रात में काम किया जा रहा था। इसकी जानकारी ग्रीन गैस को नहीं दी गई थी। टोरंट की ओर से लापरवाही बरती गई। अलसुबह करीब तीन बजे पाइपलाइन कटी। सूचना मिलने के बाद करीब सवा तीन बजे वॉल्व बंद कर दिया गया। दूसरी पाइपलाइन की तलाश करके करीब 10 बजे उसे जोड़ा गया। इसके बाद पीएनजी की आपूर्ति बहाल की गई। मरम्मत का काम शाम तक चलता रहा। टोरंट पावर के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।
- विनय भारद्वाज, मीडिया समन्वयक, ग्रीन गैस