मथुरा के एक स्कूल में गुरुवार को बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई गई। इस दौरान दवा खाकर 15 बच्चे बीमार हो गए। इसमें से सात को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया गया है कि मथुरा के सुभाष इंटर कालेज में सुबह स्कूल शुरू होने के बाद करीब 8.15 बजे बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई गई। यह दवा खाते ही स्कूल में 15 बच्चों की तबियत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी के साथ ही सिर चकराने की शिकायत भी हुई। स्कूल प्रशासन के अनुसार कुछ बच्चे बेहोशी की हालत में भी आ गए।
यह देखते ही स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सात बच्चों की तबियत अधिक बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कालेज के प्रिंसिपल उदयवीर सिंह ने बताया कि बच्चों की तबियत बिगड़ने के बाद जब उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया तो एक घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची।
वहीं मामले में डाक्टरों का कहना है कि आमतौर खाली पेट दवा खाने से कुछ बच्चों की उल्टी आदि हो जाती है। फिलहाल सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है। खतरे की कोई बात नहीं है।