शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने साथियों के साथ एक अन्य यात्री की ट्रेन से नीचे उतारकर पीट पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को कोच में रखकर फरार हो गए। सूचना पर जीआरपी शिकोहाबाद ने शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। काफी प्रयासों के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
आनंद विहार, नई दिल्ली से संडे स्पेशल ट्रेन रविवार सुबह 8:45 मिनट पर कानपुर के लिए रवाना हुई। ट्रेन में 25 वर्षीय युवक मैनपुरी के लिए सामान्य कोच में बैठ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अलीगढ़ से सामान्य कोच में एक अन्य युवक चढ़ा। ट्रेन में अलीगढ़ से चढ़े युवक का सीट पर बैठने को लेकर मैनपुरी जा रहे युवक से विवाद हो गया।
चमरौला रेलवे स्टेशन पर सुपर फास्ट एक्सप्रेस गाड़ियों को पास कराने के लिए ट्रेन लूप लाइन पर खड़ी हो गई। लगभग 30 मिनट तक ट्रेन चमरौला स्टेशन पर खड़ी रही। तभी अलीगढ़ से चढ़े युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया और मैनपुरी जा रहे युवक को ट्रेन से नीचे उतारकर बेरहमी से पीटा। उसके सिर में भारी पत्थर से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी शव कोच में रखकर फरार हो गए। हत्या की वारदात से कोच में सवार अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने घटना की जानकारी ट्रेन के गार्ड को दी। गार्ड की सूचना पर स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी शिकोहाबाद को जानकारी दी। सूचना पर जीआरपी शिकोहाबाद में ट्रेन के रुकते ही शव को नीचे उतारा और शिनाख्त का प्रयास कराया। देर शाम तक शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसपी रेलवे ने घटना स्थल का निरीक्षण किया
घटना की जानकारी पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी आगरा शिव हरीमीना के नेतृत्व में सीओ
इटावा राजेंद्र सिंह, जीआरपी प्रभारी फीरोजाबाद रूपेश कुमार, एसओजी आगरा प्रभारी हरिओम सिंह, टूंडला इंस्पेक्टर एके सिंह के साथ चमरौला स्टेशन पहुंचे। यहां पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की। टीम को ट्रैक के समीप बने खेत में मृतक की शर्ट का बटन एवं अन्य साक्ष्य मिले। उधर चौकी प्रभारी शिकोहाबाद जेपी अशोक ने बताया एचसीपी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शीघ्र हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।