बलदेव (मथुरा)। दाऊजी मंदिर में शनिवार को चैत्र पूर्णिमा पर कलाकारों ने महारास की प्रस्तुति दी। महारास को देखने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीकृष्ण ने शरद पूर्णिमा पर महारास किया था, जबकि उनके बड़े भाई दाऊजी महाराज ने चैत्र पूर्णिमा पर महारास किया। तभी से यह परंपरा चली आ रही है। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत महाराज ने द्वापर युग के महारास की यादें ताजा कर दीं।
श्री दाऊजी महाराज ब्रज लोक कला केंद्र के कलाकारों ने बलदेव, कृष्ण, राधा, रेवती स्वरूप में महारास की प्रस्तुति दी तो भक्तजन दाऊजी महाराज की जय, राधा-कृष्ण की जय के नारे लगाने लगे। मंदिर प्रांगण में भक्ति रस की वर्षा होने लगी। श्रद्धालु अपने स्थानों पर ही नृत्य करने लगे। धार्मिक धुनों यही तो महारास है, दाऊ बड़ौ अलबेलौ..., कान्हा मोर बन आयो.., राधे बासुंरी की धुन पर..., पूरा मंदिर झूम उठा।
गोप, गोपिका स्वरूप कृष्ण एवं राधा ने नाचते गाते हुए महारास का शानदार नजारा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह, रिसीवर आरके पांडेय, मदन गोपाल पांडेय, हेमंत पांडेय, ब्रजेश पांडेय, दिनेश पांडेय, हरिओम पांडेय, प्रदीप पांडेय, सुरेश पांडेय, गोकुलेश पांडेय आदि उपस्थित थे। संचालन आरके पांडेय एवं सुनील शास्त्री ने किया।