एटा। धान खरीद के बाद शासन ने गेहूं खरीद की तैयारियां शुरू कर दीं हैं। एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने के मिले निर्देशों को लेकर जिला प्रशासन तैयारियां करने में जुटा है। शासन ने जिला स्तरीय अधिकारियों को 25 मार्च तक का रोस्टर जारी किया है। इसमें तिथिवार तैयारियों की जानकारी दी गई है। वहीं समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों में खुशी है।
अगले महीने लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने की उम्मीद है। ऐसे में शासन ने गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। विशेष सचिव ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को दिए निर्देशों में गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां शुरू करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि चार फरवरी से 25 मार्च तक खरीद को लेकर तैयारियां पूरी कर ली जाए। चार फरवरी को जिले में प्रभारी अधिकारी गेहूं खरीद को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व महेेश चंद्र शर्मा की तैनाती कर दी गई है। वहीं रविवार से गेहूं उत्पादन का सर्वेक्षण और आकलन, 15 फरवरी तक क्रय केंद्र, डिपो समेत सभी व्यवस्थाओं की पोर्टल पर फीडिंग, एक मार्च तक क्रय केंद्र और एजेंसियों का चयन और 10 मार्च तक क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं पूरी की जानी है। 15 मार्च तक मंडी यार्ड में क्रय केंद्र को चबूतरों का आवंटन और 25 मार्च तक ओके रिपोर्ट को भेजना है। बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव को लेकर सरकार जल्द से जल्द तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहती है।
एक मार्च से किसानों का पंजीकरण
गेहूं खरीद को लेकर एक मार्च से किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को खाता नंबर, खतौनी, पहचान प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लेकर जनसूचना केंद्र और कैफे पर जाकर पंजीयन कराना होगा।
समर्थन मूल्य में 105 रुपये की बढ़ोतरी
इस बार शासन ने गेहूं समर्थन मूल्य में 105 रुपये की बढ़ोतरी की है। पिछली बार 1735 रुपये कुंतल की दर से गेहूं खरीदा गया था। इस बार 1840 रुपये कुंतल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। इसे लेकर किसानों में खुशी की लहर है।
किसानों का कहना है
सरकार ने समर्थन मूल्य बढ़ाकर राहत दी है। इससे किसानों की खासी आर्थिक मदद होगी। - होतीलाल शाक्य, दलेलपुर
समर्थन मूल्य बढने से किसानों को काफी फायदा होगा। सरकार किसानों के लिए फिक्रमंद है। - केपी सिंह, दलेलपुर
पिछली बार की अपेक्षा समर्थन मूल्य बढ़ा है। इससे किसान गेहूं की खेती की तरफ रुख करेंगे। - रामेश्वर सिंह, कुसाड़ी
किसानों को समर्थन मूल्य का तोहफा देकर सरकार ने हित किया है। इससे किसानों की लागत निकल सकेगी। - इस्माइल, ककरावली
शासन के निर्देश के बाद गेहूं खरीद की तैयारी शुरू कर दी है। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद की जाएगी। क्रय केंद्रों को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
प्रज्ञा शर्मा, जिला विपणन अधिकारी