एटा। लोकसभा चुनाव में शांतिपूर्ण माहौल रखने के लिए एसएसपी ने नई पहल शुरु की है। जिसमें पुलिस गांव-गांव जाकर चौपाल लगाकर अपराध और अपराधियों के बारे में समीक्षा करेंगे। एसएसपी ने हर थाने के लिए चौपाल लगाने की संख्या भी निर्धारित की है। उन्होंने बीट चौपाल प्रतिशत के आधार पर थानों की ग्रेडिंग किए जाना भी तय किया है।
आगामी समय में होने वाले चुनाव में अराजकता फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ी तैयारियां शुरू कर दी है। एसएसपी आशीष तिवारी ने नई पहल करते हुए बीट चौपाल की शुरू की है। जिसमें उन्होंने थाने में तैनात बीट सिपाही और हल्का इंचार्ज गांव में लोगों के साथ चौपाल लगाकर समीक्षा बैठक करेंगे।
इस बीट चौपाल में पूर्व विधायक, चेयरमैन, प्रधान सहित अन्य संभ्रात लोग शामिल रहेंगे। जिनके साथ बैठकर पुलिस अपने अभिलेखों के साथ अपराध और अपराधियों की समीक्षा करेंगे। एसएसपी ने प्रत्येक थाने के लिए बीट चौपाल की संख्या भी निर्धारित की है।
जिसमें कोतवाली नगर को 292, देहात को 172, बागवाला को 92, मिरहची 100, मारहरा 98, महिला थाना 52, अलीगंज 124, जैथरा 136 आदि थानों को अलग-अलग लक्ष्य दिया गया है। इस तरह जिले में पुलिस 2087 बीट चौपाल करके लोगों से समीक्षा करेगी। इसी क्रम में एसएसपी ने बीट चौपाल के हिसाब से थानों के ग्रेडिंग का भी खाका तैयार कराया है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि इस बीट चौपाल, शस्त्र लाइसेंस और उनके धारकों की भी संख्या नोट करके लोगों से अपराधी प्रवृति के शस्त्र लाइसेंस धारकों की जानकारी हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बीट चौपाल को शुरू करने के लिए जिले भर में पुलिस को आदेश जारी कर दिया गया है।