फिरोजाबाद/सिरसागंज। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक युवक और एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के नानेमऊ निवासी सुबोध कुमार यादव (45) पुत्र सियाराम बाइक से जा रहा था। सोमवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सुबोध की मौत हो गई। हादसे में युवक की मौत होने की सूचना पर एसएचओ नसीरपुर मुनीशचंद्र पुलिस बल के साथ पहुंच गए।
उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सुबोध की मौत से परिवार में तो चीत्कार मच गया। दूसरा हादसा थाना सिरसागंज के करहल रोड पर नगला तुला के पास टाटा टियागो व टाटा सफारी की भिड़ंत हो गई।
इसमें मैनपुरी के बरनाहाल थाना क्षेत्र के बधइयां के निवासी अजब सिंह (90) पुत्र सत्यराम की मौत हो गई। उनका बेटा रामवीर, बरनाहाल के गांधीनगर निवासी मनीष गुप्ता पुत्र अशोक गुप्ता, विमल पुत्र विनोद घायल हो गए। घायलों को प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
सूचना पर प्रभारी एसओ सिरसागंज अशेष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ ही पहुंच गए। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी एसओ सिरसागंज अशेष कुमार सिंह ने बताया कि वृद्ध को टाटा गाड़ी ने टक्कर मार दी। वह आंख चेक कराने के बाद ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।