मैनपुरी। पुरानी पेंशन को लेकर आज शिक्षक और कर्मचारी अपनी ताकत दिखाएंगे। एक तरफ जहां कर्मचारी संयुक्त परिषद जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन करेगा वहीं दूसरी तरफ प्राथमिक शिक्षक संघ संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के साथ जेल भरो आंदोलन करेगी। प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक जिलाध्यक्ष राजीव यादव के आवास पर की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि सोमवार को प्रथम दिन जागीर एवं किशनी ब्लॉक के शिक्षक कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर गिरफ्तारी देंगे जिसका नेतृत्व प्रदेशमंत्री महेंद्र प्रताप सिंह व जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह एवं किशनी ब्लॉक मंत्री सुदीप पांडेय करेंगे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी देने वाले सभी शिक्षक कर्मचारी 10 बजे एलआईसी ऑफिस के पीछे आवास विकास के पार्क में एकत्रित होंगे फिर जुलूस के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी ऑफिस के सामने गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
सोमवार को गिरफ्तारी देने वाले प्रमुख शिक्षक नेता प्रदेशमंत्री महेंद्र प्रताप सिंह, जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह, जिला संयोजक केपी सिंह, जिला उपाध्यक्ष योगेश कुमार, जिला संगठन मंत्री मुकेश चंद्र एवं अशोक कुमार जिला लेखा परीक्षक, सुरेंद्र पाल सिंह किशनी ब्लॉक अध्यक्ष, वैभव यादव ब्लॉक मंत्री किशनी, सुदीप पांडेय जागीर ब्लॉक मंत्री रामसेवक वर्मा जिला सलाहकार शिव कुमार सचेंद्र चौहान, कौशल गुप्ता, अवनीश यादव सहित चार सैकड़ा शिक्षक शामिल होने की संभावना है।
सैकड़ों कर्मचारी करेंगे कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वैनर तले आज प्राथमिक शिक्षक संघ प्रणवीर यादव गुट, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ, डिप्लोमा इंजीनियर संघ, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, राजकीय वाहन चालक संघ, चतुर्थश्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ, राजकीय औद्योगिक कर्मचारी संघ आदि के पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष विकास चौहान और जिला प्रभारी भूपेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन का आयोजन करेंगे।