एटा। खेत से लौट रहे वृद्ध किसान पर आवारा बैल ने हमला कर दिया। हमले से घायल हुए किसान की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना सकरौली क्षेत्र के गांव इसौली निवासी अमीन खान (67) पुत्र सरदार खान शाम को अपने खेत से पैदल घर लौट रहे थे। उसी समय आवारा बैल ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर परिजन भागते हुए मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया। परिजन घायल को उपचार के लिए आगरा लेकर जा रहे थे। उसी समय रास्ते में वृद्ध किसान ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में चीत्कार मचा हुआ था।
लगातार हो रही मौतों से नहीं टूट रही प्रशासन की नींद
एटा। जिले में आवारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है और लोग मौत के शिकार हो रहे हैं, लेकिन पालिका-प्रशासन हमले रोकने में नाकाम है। शहर से लेकर जिले के तमाम कस्बाई क्षेत्रों में सांड़ और आवारा गाय घूमती हैं। आवारा पशुओं के आतंक से जिले में महिला समेत पांच की मौत हो चुकी हैं। सात मार्च को जैथरा में दिव्यांग रणवीर को सांड़ ने पटककर मार दिया था। मई में जैथरा में ही रजा उर्फ राना की सांड़ के हमले में जान चली गई। एक जुलाई को अलीगंज के गांव साडऱपुर में महिला रेखा और 10 जुलाई को जैथरा के गांव हाजीपुर में डोरीलाल को सांड़ ने मार दिया था। हाल ही में 14 नवंबर को बागवाला के कुतुकपुर ओन में सांड़ के हमले से वृद्ध की मौत हो गई थी। इसके साथ ही आवारा पशुओं के हमले में आए दिन लोग घायल हो रहे हैं।