कटरा समान (मैनपुरी)। चौराईपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक ने एक दिव्यांग छात्र के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया। जब पिता शिकायत करने थाने पहुंचा, तो शिक्षक ने पुलिस बुला ली। पीड़ित की सुनवाई किए बगैर ही उसके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई कर दी गई। पुलिस की मनमानी कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश है।
नगला दलफ निवासी दलवीर जाटव का दिव्यांग पुत्र आदेश सोमवार को प्राथमिक विद्यालय चौराईपुर पढ़ने गया था। आरोप है कि एक शिक्षक ने उसे मारपीट कर भगा दिया। बच्चा रोता हुआ घर गया और पिता को सारी जानकारी दी। पिता दलवीर विद्यालय पहुंचा और शिक्षक से वजह पूछी।
परिजनों के अनुसार शिक्षक ने कहा कि बच्चे का प्रवेश ही नहीं है, अभी वह छह वर्ष का नहीं हुआ है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने दलवीर ने कहा कि आधार कार्ड के साथ बच्चे का तीन माह पूर्व एडमीशन करा दिया था। तभी से वह विद्यालय आ रहा है। पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले गई। कुछ देर बाद शिक्षक की शिकायत पर उसके विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई भी कर दी गई।
इंस्पेक्टर किशनी केके तिवारी ने बताया कि शिक्षक की शिकायत पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई शिक्षक के विरुद्ध भी की जानी चाहिए थीघ। बच्चे से मारपीट व स्कूल से निकाले जाने की बात पर पुलिस ने संज्ञान क्यों नहीं लिया। मनमानी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।